IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स भले ही खिताब से दूर रह गई हो, लेकिन इस सीजन ने भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा नाम दिया, जिसकी चर्चा अब सिर्फ टैलेंट के लिए नहीं, बल्कि उसके “वैल्यू फॉर मनी” प्रदर्शन के लिए भी हो रही है। यह नाम है-वैभव सूर्यवंशी।
राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ ₹1.10 करोड़ में खरीदा था। लेकिन एक कस्टम प्लेयर इम्पैक्ट मॉडल के मुताबिक, IPL 2026 में उनके प्रदर्शन की कुल इम्पैक्ट वैल्यू करीब ₹34.97 करोड़ आंकी गई। यानी राजस्थान को वैभव से लगभग ₹33.87 करोड़ का प्रॉफिट मिला। इस हिसाब से उनका रिकवरी मल्टीपल 31.79 गुना रहा; मतलब RR ने वैभव पर जितना खर्च किया, उसके मुकाबले मैदान पर उनका असर 31 गुना से भी ज्यादा रहा।
पावरप्ले का असली बादशाह बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी के IPL 2026 सीजन की सबसे बड़ी खासियत उनका पावरप्ले में दबदबा रहा। उन्होंने इस सीजन कुल 776 रन बनाए, जिनमें से 521 रन पहले छह ओवरों में आए। यानी नई गेंद, फील्डिंग रिस्ट्रिक्शन और तेज शुरुआत;ये तीनों चीजें वैभव के लिए हथियार बन गईं।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर में खेली गई उनकी पारी इस सीजन की सबसे बड़ी हाइलाइट रही। वैभव ने सिर्फ 36 गेंदों में शतक पूरा किया, जो IPL इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक बताया गया। उस मैच में उन्होंने 37 गेंदों पर 103 रन बनाए, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल थे।
प्लेऑफ में भी नहीं रुका बल्ला
बड़े मैचों में कई युवा खिलाड़ी दबाव में आ जाते हैं, लेकिन वैभव ने प्लेऑफ में भी अपनी धमक दिखाई। एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए। इस पारी का स्ट्राइक रेट 334.48 रहा, जो 90 या उससे ज्यादा रन की IPL पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट बताया गया।
इसके बाद क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जब राजस्थान की पारी लड़खड़ा रही थी, तब वैभव ने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए। यह पारी सिर्फ आक्रामक नहीं थी, बल्कि मैच की स्थिति के हिसाब से परिपक्व भी थी। उन्होंने दो-गति वाली पिच पर खुद को ढाला और टीम को संभालते हुए सात छक्के लगाए।
पुल शॉट से मचाया आतंक
इस सीजन वैभव का पुल शॉट गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द रहा। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पुल शॉट पर 20 छक्के लगाए और इस शॉट को खेलते हुए 36 प्रयासों में सिर्फ एक बार आउट हुए। इस शॉट पर उनका स्ट्राइक रेट 419.44 रहा।
इतना ही नहीं, इस सीजन उन्होंने जिन 44 गेंदबाजों का सामना किया, उनमें से 31 गेंदबाजों को छक्का लगाया। आठ गेंदबाज तो ऐसे रहे, जिन्हें वैभव ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया।
शुभमन गिल और रजत पाटीदार के करीब पहुंचे
इस कस्टम मॉडल के हिसाब से IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रॉफिट लीग में तीसरे नंबर पर रहा। उनसे आगे सिर्फ शुभमन गिल और रजत पाटीदार रहे। लेकिन फर्क यह है कि गिल पर ₹16.50 करोड़ और पाटीदार पर ₹11 करोड़ का निवेश था, जबकि वैभव की कीमत सिर्फ ₹1.10 करोड़ थी।
यही वजह है कि वैभव का सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए एक मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। कम कीमत, बड़ा असर और लगातार मैच-विनिंग प्रदर्शन;इन तीनों ने उन्हें IPL 2026 का सबसे बड़ा वैल्यू स्टार बना दिया।
अगली नीलामी में कीमत कहां तक जाएगी?
वैभव सूर्यवंशी को 2025 मेगा ऑक्शन में ₹1.10 करोड़ में खरीदा गया था। उस समय वह सिर्फ 13 साल के थे। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें IPL 2026 से पहले उसी कीमत पर रिटेन किया और अब यह फैसला फ्रेंचाइजी इतिहास की सबसे समझदारी भरी रणनीतियों में गिना जा सकता है।
उनके दो सीजन के IPL रिकॉर्ड को देखें तो वैभव अब तक 1,028 रन, 46.72 की औसत, दो शतक और 230 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में अगली बड़ी नीलामी में उनकी कीमत ₹15–18 करोड़ से शुरू होना भी कम नहीं माना जाएगा।
