IPL 2026: रियान पराग पर गिरी गाज! ‘वेप’ इस्तेमाल करने पर BCCI ने ठोका भारी जुर्माना, टीम पर भी लटकी तलवार

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में अनुशासनहीनता दिखाना भारी पड़ गया है। मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ‘वेप’ (ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करने के दोषी पाए जाने के बाद बीसीसीआई ने उन पर सख्त कार्रवाई की है।

मैच फीस का 25% जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट

बीसीसीआई ने गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि रियान पराग ने IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन किया है, जो खेल की गरिमा को ठेस पहुँचाने से संबंधित है।

जुर्माना: पराग पर उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है।

डिमेरिट पॉइंट: उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।

पराग ने मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए इन आरोपों और सजा को स्वीकार कर लिया है।

राजस्थान रॉयल्स टीम पर भी हो सकती है ‘कठोर’ कार्रवाई

मामला यहीं खत्म नहीं होता। बीसीसीआई ने संकेत दिए हैं कि वे इस घटना को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। बोर्ड अब राजस्थान रॉयल्स की टीम, उसके अधिकारियों और संबंधित खिलाड़ियों के खिलाफ “कठोर कार्रवाई” शुरू करने के विकल्पों पर विचार कर रहा है ताकि आईपीएल की साख पर कोई आंच न आए।

दो हफ्ते में राजस्थान रॉयल्स की दूसरी बड़ी गलती
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन विवादों से भरा रहा है। रियान पराग की इस हरकत से महज दो हफ्ते पहले टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर भी जुर्माना लगा था।

10 अप्रैल को गुवाहाटी में RCB के खिलाफ मैच के दौरान रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़े गए थे।

उन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। भिंडर के साथ युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

सोशल मीडिया ने खोली पोल

मैनेजर रोमी भिंडर की तरह रियान पराग की पोल भी सोशल मीडिया ने ही खोली। पंजाब के खिलाफ 222 रनों के लक्ष्य का पीछा करते समय पराग के आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम में ‘वेपिंग’ करते हुए उनकी तस्वीरें वायरल हुईं, जिसके बाद बीसीसीआई हरकत में आया।

Share this Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *