इंजरी किंग बनते जा रहे हैं नितीश रेड्डी? देखें कब-कब हुए चोटिल

नितीश रेड्डी

टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को एक बार फिर चोट ने बड़े मौके से दूर कर दिया है। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में नितीश के पास भारत के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में अपनी जगह मजबूत करने का अच्छा मौका था, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले उनकी फिटनेस ने फिर चिंता बढ़ा दी है।

नितीश को अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के दौरान क्वाड्रिसेप्स इंजरी हुई थी। शुरुआत में उम्मीद थी कि वह आयरलैंड टी20 सीरीज तक फिट हो जाएंगे, लेकिन अब उन्हें इस सीरीज से बाहर माना जा रहा है। इंग्लैंड दौरे पर भी उनकी उपलब्धता संदिग्ध है।

बार-बार चोट से रुक रही रफ्तार

नितीश कुमार रेड्डी को भारतीय टीम तीनों फॉर्मेट के संभावित ऑलराउंडर के रूप में देख रही है, लेकिन उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती फिलहाल प्रदर्शन नहीं, बल्कि फिटनेस बनती जा रही है।

जनवरी 2025: साइड स्ट्रेन

ऑस्ट्रेलिया में सफल टेस्ट डेब्यू के बाद नितीश सफेद गेंद क्रिकेट में जगह बनाने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच के बाद उन्हें साइड स्ट्रेन हो गया। इसी वजह से वह चैंपियंस ट्रॉफी अभियान से भी बाहर रहे।

जुलाई 2025: घुटने की चोट

इंग्लैंड टेस्ट दौरे पर दूसरे और तीसरे टेस्ट में खेलने के बाद नितीश को जिम सेशन के दौरान घुटने में चोट लगी। लिगामेंट टियर के कारण उन्हें सीरीज के बाकी मुकाबलों और एशिया कप से बाहर होना पड़ा।

अक्टूबर 2025: क्वाड्रिसेप्स इंजरी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी के बाद नितीश फिर चोटिल हो गए। दूसरे वनडे के दौरान उन्हें क्वाड इंजरी हुई और वह पूरे दौरे से बाहर हो गए।

अक्टूबर 2025: नेक स्पाज्म

क्वाड इंजरी से उबरते हुए नितीश को नेक स्पाज्म की समस्या हुई, जिसके कारण वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती टी20 मैच नहीं खेल पाए।

जून 2026: फिर क्वाड्रिसेप्स इंजरी

अफगानिस्तान सीरीज के दौरान नितीश को फिर क्वाड्रिसेप्स की चोट लगी। अब इसी चोट ने उन्हें आयरलैंड सीरीज से बाहर कर दिया है।

हार्दिक के बैकअप की तलाश फिर अधूरी

हार्दिक पांड्या पहले ही चोट के कारण यूके दौरे से बाहर हैं। ऐसे में नितीश कुमार रेड्डी को भारत के लिए अहम विकल्प माना जा रहा था। लेकिन बार-बार चोटिल होना उनके दावे को कमजोर कर सकता है।

बीसीसीआई ने टी20 स्क्वॉड में नितीश की जगह सूर्यांश शेडगे को विकल्प के रूप में तय कर लिया है।

Share this Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *