MLC 2026 में Seattle Orcas ने Washington Freedom को 88 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की, लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी तस्वीर Marcus Stoinis के बल्ले से निकली। Oakland Coliseum में खेले गए मैच में स्टोइनिस ने Washington Freedom के तेज गेंदबाज Ian Holland के एक ही ओवर में पांच छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह Seattle Orcas की ओर मोड़ दिया। इस जीत के बाद Seattle Orcas अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
स्टोइनिस की शुरुआत धीमी थी। पहले छह गेंदों पर उनके बल्ले से सिर्फ 4 रन निकले थे। लेकिन 17वें ओवर में उन्होंने अचानक मैच की भाषा बदल दी। Ian Holland, जिन्होंने अपने पहले तीन ओवर में सिर्फ 19 रन देकर दो विकेट लिए थे, डेथ ओवर में स्टोइनिस के सामने बिखर गए। ओवर की कहानी थी- 6, 6, 6, 6, 0, 6। पांच गेंदें सीमा रेखा के बाहर गईं और एक ही ओवर में 30 रन आ गए।
इसके बाद स्टोइनिस ने Marco Jansen के अगले ओवर में भी एक छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। उनकी पारी सिर्फ 16 गेंदों की थी, लेकिन असर पूरे मैच पर पड़ा। 42 रन, छह छक्के और 262.50 का स्ट्राइक रेट, यह वही कैमियो था जिसने Seattle Orcas की पारी को अच्छे स्कोर से विशाल स्कोर में बदल दिया।
Marcus Stoinis! 😤 He recorded a massive 30 runs in one over 🔥
Stream every match of Major League Cricket on 7plus 🏏 https://t.co/2p3P6d7Qer pic.twitter.com/ygUyINKiFH
— 7Cricket (@7Cricket) June 26, 2026
हालांकि इस जीत की नींव सिर्फ स्टोइनिस ने नहीं रखी थी। Shimron Hetmyer ने 33 गेंदों पर नाबाद 79 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके बल्ले से नौ छक्के और दो चौके निकले। Hetmyer ने पारी को शुरुआत से अंत तक गति दी और आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर Seattle को 227/6 तक पहुंचाया। Tim Seifert ने भी 20 गेंदों पर 37 रन बनाकर तेज शुरुआत दी।
Seattle की पारी 16 ओवर के बाद 150 रन पर थी। स्कोर 200 के आसपास जाता दिख रहा था, लेकिन आखिरी चार ओवर में 77 रन आए। यही मैच का निर्णायक मोड़ बन गया। Washington Freedom की ओर से Marco Jansen ने 3/33 के आंकड़े जरूर दर्ज किए, लेकिन डेथ ओवरों में Freedom की गेंदबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई।
228 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए Washington Freedom की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। Jasdeep Singh ने नई गेंद से ऐसा स्पेल डाला जिसने Freedom के स्टार बल्लेबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया। Steven Smith सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, Glenn Maxwell खाता नहीं खोल सके और Mitchell Owen भी 5 रन पर लौट गए।
Freedom की हालत इतनी खराब हो गई कि टीम आठ ओवर के अंदर 50/7 पर पहुंच गई। इसके बाद जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। निचले क्रम में Amila Aponso ने 13 गेंदों पर 31 रन और Ian Holland ने 26 रन बनाकर हार का अंतर थोड़ा कम किया, लेकिन मैच काफी पहले Seattle की पकड़ में जा चुका था।
Jasdeep Singh ने चार ओवर में 24 रन देकर पांच विकेट लिए और Washington Freedom की पूरी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। Cameron Gannon ने भी 2/16 के साथ अहम योगदान दिया। Freedom की टीम 16.2 ओवर में 139 रन पर सिमट गई और Seattle Orcas ने 88 रन से बड़ी जीत अपने नाम कर ली।
Score Summary
Seattle Orcas: 227/6, 20 overs
Shimron Hetmyer 79*, Marcus Stoinis 42, Tim Seifert 37
Marco Jansen 3/33
Washington Freedom: 139 all out, 16.2 overs
Amila Aponso 31*, Ian Holland 26
Jasdeep Singh 5/24, Cameron Gannon 2/16
Result: Seattle Orcas won by 88 runs
