बाबर आजम को कप्तान के तौर पर मिली पहली ट्रॉफी, पेशावर जाल्मी ने PSL 11 का खिताब जीता

बाबर आजम के चेहरे पर आखिरकार वह राहत दिखाई दी, जिसका इंतजार उन्हें लंबे समय से था। पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL 11 के फाइनल में पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समेन को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में जीत के बाद मोहसिन नकवी ने बाबर आजम को ट्रॉफी सौंपी। यह जीत बाबर आजम के लिए बेहद खास रही, क्योंकि कप्तान के तौर पर यह उनकी पहली PSL ट्रॉफी है। बाबर इससे पहले खिलाड़ी के तौर पर PSL सफलता का स्वाद चख चुके थे, लेकिन बतौर कप्तान यह उनके करियर का बड़ा ब्रेकथ्रू मोमेंट साबित हुआ।

पेशावर जाल्मी का लंबा इंतजार खत्म

पेशावर जाल्मी के लिए यह दूसरा PSL खिताब है। इससे पहले टीम ने 2017 में ट्रॉफी जीती थी। यानी लंबे इंतजार के बाद जाल्मी ने अपना खिताबी सूखा खत्म किया। इस बार टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल तक पहुंचने के दौरान सिर्फ एक मैच गंवाया।
बाबर आजम की कप्तानी में पेशावर ने न सिर्फ खिताब जीता, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में संतुलित और दमदार क्रिकेट खेली।

Aaron Hardie बने फाइनल के असली हीरो

फाइनल मुकाबले में Aaron Hardie ने गेंद और बल्ले दोनों से मैच विनिंग प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी में उन्होंने हैदराबाद किंग्समेन की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। Hardie ने 4 विकेट लेकर हैदराबाद को 18 ओवर में 129 रन पर रोक दिया। हैदराबाद की ओर से सैम अयूब ने 54 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। इसी वजह से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

बाबर गोल्डन डक पर आउट, फिर भी जीती पेशावर

130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेशावर जाल्मी की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान बाबर आजम पहली ही गेंद पर आउट हो गए। उनके बाद मोहम्मद हारिस, कुसल मेंडिस और माइकल ब्रेसवेल भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। एक समय पेशावर का स्कोर 40 रन पर 4 विकेट था और मैच हैदराबाद किंग्समेन की पकड़ में जाता दिख रहा था।

Hardie-Samad की साझेदारी ने पलटा मैच

मुश्किल हालात में Aaron Hardie ने बल्ले से भी जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने नाबाद 56 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ अब्दुल समद ने 48 रन बनाकर अहम योगदान दिया।

Hardie और Samad के बीच 85 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इसी साझेदारी ने पेशावर को दबाव से बाहर निकाला और टीम को खिताब के करीब पहुंचा दिया।

15.2 ओवर में पेशावर ने पूरा किया लक्ष्य

पेशावर जाल्मी ने 15.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ बाबर आजम की टीम PSL 11 की चैंपियन बन गई।

यह जीत बाबर के कप्तानी करियर के लिए बड़ी उपलब्धि है। फाइनल में भले ही बाबर बल्ले से कुछ नहीं कर पाए, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और 588 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।

PSL 11 Awards

Champion: Peshawar Zalmi
Runner-up: Hyderabad Kingsmen
Player of the Match: Aaron Hardie
Player of the Tournament: Sufiyan Muqeem – 22 विकेट
Most Runs / Orange Cap: Babar Azam – 588 रन
Most Wickets / Purple Cap: Sufiyan Muqeem – 22 विकेट

Share this Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *