IPL 2026 में धमाका, अंडर-19 वर्ल्ड कप में छाप और घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के बाद बिहार के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अब सीनियर भारतीय टीम में जगह मिल गई है। BCCI ने वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम में शामिल किया है। इसके साथ ही उन्हें एशियन गेम्स स्क्वॉड में भी जगह मिली है।
अगर वैभव इन दौरों पर किसी मैच में प्लेइंग XI में उतरते हैं, तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन जाएंगे।
लेकिन टीम इंडिया में पहली बार चुने जाने के बाद वैभव ने जो बयान दिया, उसने साफ कर दिया कि उनका सपना सिर्फ T20 क्रिकेट तक सीमित नहीं है। वैभव भारत के लिए तीनों फॉर्मेट; टेस्ट, वनडे और T20, खेलना चाहते हैं।
“मेरा सपना तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए खेलना है”
राजस्थान रॉयल्स से बातचीत में वैभव सूर्यवंशी ने कहा: “मुझे रेड-बॉल क्रिकेट खेलना है, क्योंकि मैं लाल गेंद से प्रैक्टिस करता हूं। मेरा सपना तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए खेलने का है।”
वैभव ने आगे कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि वह आगे चलकर रेड-बॉल क्रिकेट खेलना चाहते हैं या नहीं। इस पर वैभव ने साफ जवाब दिया कि उन्होंने लाल गेंद से काफी अभ्यास किया है और आज भी करते हैं।
उन्होंने कहा: “मैंने अपने राज्य के लिए भी काफी रेड-बॉल क्रिकेट खेला है और लगातार खेलता रहता हूं।”
हर फॉर्मेट की जरूरत के हिसाब से बदलूंगा खेल
वैभव ने अपने बयान में यह भी साफ किया कि वह सिर्फ एक आक्रामक T20 बल्लेबाज बनकर नहीं रहना चाहते। उनका मानना है कि हर फॉर्मेट की अपनी अलग मांग होती है और वह उसी हिसाब से अपनी बल्लेबाजी बदलेंगे।
वैभव ने कहा: “हर फॉर्मेट की अपनी अलग demand होती है। इस फॉर्मेट में मैं इसी तरीके से batting करता हूं क्योंकि यहां इसकी जरूरत है। Red-ball cricket में जो जरूरत होगी, उसके हिसाब से मैं अपनी batting को बदलूंगा। ODIs में जो जरूरत होगी, उसके मुताबिक अपना game adjust करूंगा। मेरा सपना तीनों formats खेलने का है। बाकी सब भगवान जानते हैं।”
IPL 2026 में वैभव का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। उन्होंने टूर्नामेंट में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। वह सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
वैभव ने इस दौरान 72 छक्के लगाए और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उनके दमदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें MVP, Emerging Player of the Season, Super Striker, Orange Cap और Super Sixes of the Season जैसे बड़े अवॉर्ड मिले।
A honest, wholesome conversation with IPL’s MVP, Vaibhav Sooryavanshi 💝 pic.twitter.com/8jgFmWsKtw
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) June 7, 2026
सुनील गावस्कर से भी कही थी टेस्ट खेलने की बात
IPL 2026 के दौरान वैभव ने दिग्गज सुनील गावस्कर से बातचीत में भी टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई थी। अब टीम इंडिया में चयन के बाद उन्होंने एक बार फिर दोहराया है कि उनका सपना भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना है।
यही बात वैभव को खास बनाती है। वह T20 में तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन नजर सिर्फ छक्कों और स्ट्राइक रेट पर नहीं है। वह रेड-बॉल क्रिकेट की गंभीरता और वनडे क्रिकेट की समझ को भी अपने खेल का हिस्सा बनाना चाहते हैं।
अब वैभव पर पूरे देश की नजर
15 साल की उम्र में टीम इंडिया तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। लेकिन वैभव के बयान ने यह भी दिखा दिया कि उनकी सोच लंबी रेस की है। वह सिर्फ IPL स्टार नहीं बनना चाहते, बल्कि भारतीय क्रिकेट के all-format खिलाड़ी बनने का सपना देख रहे हैं।
अब सवाल यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी अपनी T20 की आग को टेस्ट और वनडे की परिपक्वता में बदल पाएंगे?
