आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान लाइव ब्रॉडकास्ट में रियान पराग को ‘वेपिंग’ करते हुए देखा गया, जिसके बाद से क्रिकेट जगत में हड़कंप मचा हुआ है। इस पूरे मामले पर दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘Ash ki baat’ में तीखी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व RR खिलाड़ी अश्विन ने एक ‘बड़े भाई’ की तरह नसीहत देते हुए कहा कि एक आईपीएल टीम के लीडर से ऐसी गलतियों की उम्मीद नहीं की जाती और इन चीजों से बचना ही बेहतर है।
बीसीसीआई का एक्शन और विवाद
इस घटना के बाद बीसीसीआई ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया है। बता दें कि भारत में ‘प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट, 2019’ के तहत वेपिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है। हालांकि आईपीएल की नियमावली में इस तरह के व्यवहार के लिए कोई स्पष्ट कानून नहीं है, लेकिन बीसीसीआई ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए दंडित किया है।
क्या बोले रविचंद्रन अश्विन?
रियान पराग के साथ काफी समय बिताने वाले अश्विन ने अपनी बात रखते हुए कहा, “मुझे उस युवा के लिए सहानुभूति है, लेकिन एक लीडर के रूप में आपको यह समझना होगा कि दुनिया आपको देख रही है। अगर कार्रवाई नहीं होगी, तो कोई सीख नहीं मिलेगी। ऐसी चीजें पूरी तरह से टाली जा सकती हैं और मुझे उम्मीद है कि वह इससे सीखेंगे।”
“Whatever Riyan Parag did should have been avoided; personal choices should remain private,” said Ravichandran Ashwin.
“It’s an organisational cultural problem,” said Vikram Sathaye. pic.twitter.com/t5S4xxrQgx
— Cricketopia (@CricketopiaCom) May 1, 2026
रियान पराग का सफर और दबाव
2017 में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने वाले रियान पराग के लिए यह सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। संजू सैमसन के जाने के बाद उन्हें स्थायी रूप से कप्तानी सौंपी गई है। जहां एक ओर उनकी बल्लेबाजी इस साल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है, वहीं दूसरी ओर कप्तानी के दौरान उनकी सूझबूझ की सराहना की जा रही थी। अब इस ‘वेपिंग विवाद’ के बाद उन पर दबाव और अधिक बढ़ गया है। देखना होगा कि क्या यह युवा कप्तान इस झटके से उबरकर वापस फॉर्म में लौट पाता है या नहीं।
