भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी 2026 ICC महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड में 12 जून से 5 जुलाई तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टीम की कमान अनुभवी हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी।
नंदनी शर्मा की पहली बार एंट्री
चंडीगढ़ की 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने टीम में अपनी जगह बनाकर सभी को प्रभावित किया है। WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 17 विकेट लिए थे और टूर्नामेंट की संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। उनके शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है।
स्क्वाड में वापसी और बाहर हुए खिलाड़ी
इस चयन में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया और ऑलराउंडर राधा यादव की टीम में वापसी हुई है। वहीं, अनुष्का शर्मा, उमा छेत्री और काशवी गौतम को टीम से बाहर रखा गया है। काशवी गौतम घुटने की चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं।
भारतीय टीम (T20 World Cup):
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, राधा यादव।
भारत का अभियान कब से?
भारतीय टीम अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें उनके साथ पाकिस्तान, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। विश्व कप से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज भी खेलेगी।
लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट
वर्ल्ड कप के बाद, 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेले जाने वाले एकमात्र महिला टेस्ट के लिए भी टीम का चयन किया गया है।
टेस्ट टीम में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, हरलीन देओल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और स्नेह राणा को शामिल किया गया है।
