रद्द मैच के भी ‘परिणाम’ होते हैं… यकीन न हो तो दर्द आयरलैंड से पूछिए, अब आगे क्या?

आयरलैंड

आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। ब्रेडी में खेले जाने वाले इस मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। आमतौर पर देखेंगे तो सीरीज के लिहाज से यह सिर्फ एक रद्द मुकाबला है, लेकिन आयरलैंड के लिए यह मुकाबला 2027 वनडे वर्ल्ड कप की उम्मीदों के लिए यह बहुत बड़ा झटका साबित हुआ।

इस मैच के रद्द होते ही आयरलैंड के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 में सीधे क्वालिफाई करने का रास्ता लगभग बंद हो गया है। अब उसे अफ्रीका में होने वाले विश्व कप तक पहुंचने के लिए कठिन क्वालिफायर प्रक्रिया से गुजरना होगा।

आयरलैंड को क्यों चाहिए था 5-0 से क्लीन स्वीप?

वनडे वर्ल्ड कप 2027 की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। हालांकि साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान और टेस्ट कंट्री होने के कारण टूर्नामेंट में सीधा प्रवेश मिलेगा।

बाकी पूर्ण सदस्य देशों के लिए सीधी क्वालिफिकेशन हासिल करने की कटऑफ तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। मेजबानों को छोड़कर वनडे रैंकिंग में शीर्ष आठ स्थानों पर रहने वाली टीमों को विश्व कप का सीधा टिकट मिलेगा।

अफगानिस्तान सीरीज से पहले आयरलैंड वनडे रैंकिंग में 12वें स्थान पर था। सीधी क्वालिफिकेशन की उम्मीद जीवित रखने के लिए उसे अफगानिस्तान के खिलाफ पांचों मुकाबले जीतने थे।

इसके साथ ही आयरलैंड को यह भी उम्मीद करनी थी कि वेस्टइंडीज, भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में 0-2 से हार जाए। इन परिणामों के सहारे आयरलैंड रैंकिंग में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान को पीछे छोड़ सकता था।

लेकिन पहला वनडे बारिश में धुलने के बाद आयरलैंड अब सीरीज 5-0 से नहीं जीत सकता। इस कारण भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज का परिणाम भी उसकी सीधी क्वालिफिकेशन की संभावनाओं को नहीं बचा पाएगा।

अब आयरलैंड कैसे करेगा World Cup 2027 के लिए क्वालिफाई?

आयरलैंड को अब 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 के बीच होने वाला 10 टीमों का वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर खेलना होगा।
इस क्वालिफायर में वनडे रैंकिंग में नीचे रहने वाले दो पूर्ण सदस्य देश हिस्सा लेंगे। उनके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की शीर्ष चार और वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ से आने वाली चार टीमें प्रतियोगिता में उतरेंगी।

आयरलैंड के लिए विश्व कप तक पहुंचने के दो रास्ते होंगे—

क्वालिफायर प्रतियोगिता जीतकर विश्व कप के मुख्य चरण में सीधा स्थान हासिल करना।
क्वालिफायर में दूसरे से चौथे स्थान के बीच रहते हुए विश्व कप के शुरुआती दौर में प्रवेश करना और वहां से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाना।

क्वालिफायर में एक खराब मुकाबला भी आयरलैंड की विश्व कप उम्मीदों को खत्म कर सकता है। इसलिए अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में बारिश से हुआ नुकसान केवल रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे टीम को एक अतिरिक्त और बेहद मुश्किल टूर्नामेंट खेलना पड़ेगा।

क्वालिफायर में कौन-कौन सी टीमें खेल सकती हैं?

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण विश्व कप में सीधा प्रवेश मिल चुका है। बाकी टीमों की स्थिति 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के बाद पूरी तरह स्पष्ट होगी।

मौजूदा स्थिति को देखते हुए बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में से किसी एक टीम को क्वालिफायर खेलना पड़ सकता है। वहीं अमेरिका ने क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के रास्ते क्वालिफायर में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड भी लीग-2 के जरिए क्वालिफायर में पहुंचने के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। क्वालिफायर की बाकी टीमें वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ के बाद तय होंगी।

2015 के बाद विश्व कप नहीं खेला आयरलैंड

आयरलैंड ने आखिरी बार 2015 में वनडे वर्ल्ड कप खेला था। टीम 2019 और 2023 के संस्करणों के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी।

2023 विश्व कप के क्वालिफायर में आयरलैंड का अभियान सुपर सिक्स चरण तक पहुंचने से पहले ही समाप्त हो गया था। अब टीम के सामने लगातार तीसरे विश्व कप से बाहर रहने का खतरा खड़ा हो गया है।

अफगानिस्तान के खिलाफ पहला वनडे आयरलैंड के लिए मैदान पर शुरू भी नहीं हुआ, लेकिन उसके परिणाम ने टीम के विश्व कप अभियान की दिशा बदल दी। बारिश ने केवल एक मुकाबला नहीं धोया, बल्कि आयरलैंड की सीधी क्वालिफिकेशन की बची हुई उम्मीदों को भी अपने साथ बहा दिया।

Share this Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *