राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए विवादों को पीछे छोड़ने की पूरी कोशिश की। हाल ही में ड्रेसिंग रूम में vape इस्तेमाल करने के कारण उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया था।
लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरते ही पराग ने अपने बल्ले से जवाब दिया। उन्होंने 50 गेंदों में 90 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। एक समय ऐसा लग रहा था कि पराग अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वह 10 रन से चूक गए।
पराग की पारी के दम पर राजस्थान ने बनाए 225 रन
रियान पराग की कप्तानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पराग ने पारी को संभालने के साथ-साथ तेजी से रन भी बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
हालांकि इतना बड़ा लक्ष्य भी राजस्थान के लिए जीत की गारंटी साबित नहीं हुआ। दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 226 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और राजस्थान को 7 विकेट से हरा दिया।
आलोचकों को जवाब देने पर क्या बोले रियान पराग?
मैच के बाद रियान पराग ने साफ कहा कि उन्हें आलोचकों को जवाब देने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक उनका काम टीम को जीत दिलाना है, व्यक्तिगत स्कोर मायने नहीं रखता अगर टीम मैच हार जाए।
पराग ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मुझे आलोचकों या इस बारे में बात करने वालों को जवाब देने की जरूरत है। दिन के अंत में मेरा काम टीम के लिए दो पॉइंट हासिल करना है। अगर हम मैच हारते हैं, तो मेरा स्कोर और मेरी पारी ज्यादा मायने नहीं रखती।”
दिल्ली के ओपनर्स ने राजस्थान से छीना मैच
दिल्ली कैपिटल्स की जीत की नींव केएल राहुल और पाथुम निसांका ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन की तूफानी साझेदारी की।
केएल राहुल ने 40 गेंदों में 75 रन बनाए, जबकि पाथुम निसांका ने 33 गेंदों में 62 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने शांत अंदाज में मैच खत्म किया और दिल्ली को 5 गेंद बाकी रहते जीत दिला दी।
पराग ने माना, गेंदबाजी में हुई चूक
रियान पराग ने मैच के बाद माना कि 225 रन का स्कोर अच्छा था और इस पिच पर 200 रन पार स्कोर हो सकता था। लेकिन उन्होंने कहा कि राजस्थान को बीच के ओवरों में बेहतर गेंदबाजी करनी चाहिए थी।
पराग के मुताबिक, दिल्ली को एक-एक ओवर में ज्यादा बाउंड्री मिलीं और यही राजस्थान के लिए भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि टीम ने फैसले गलत नीयत से नहीं लिए, लेकिन मैदान पर उन्हें बेहतर तरीके से लागू करना जरूरी था।
Vape विवाद में पराग पर लगा था जुर्माना
इस मुकाबले से पहले रियान पराग सुर्खियों में थे क्योंकि उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में vape इस्तेमाल करते हुए देखा गया था। इसके बाद IPL Code of Conduct के Level 1 उल्लंघन के तहत उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया।
पराग ने अपनी गलती स्वीकार की थी और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया था। यह मामला IPL Code of Conduct के Article 2.21 से जुड़ा था, जो खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले आचरण से संबंधित है।
